27/01/2021,8:34:14 PM.
|
कोलकाताः भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 30 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल आ रहे हैं। शाह की पहली सभा राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना के ठाकुरनगर में होगी। यह क्षेत्र बांग्लादेश से बंगाल आए शरणार्थी समुदाय मतुआ बहुल है। भाजपा ने दावा किया है कि इस जनसभा में दो लाख लोग आएंगे।
मतुआ समुदाय के प्रतिनिधि और भाजपा के सांसद शांतनु ठाकुर ने पहले ही घोषणा कर दी है कि अमित शाह अपने दौरे पर इस समुदाय को नागरिकता अधिनियम के जरिए स्थाई नागरिकता देने की घोषणा करेंगे। इसलिए यहां के लोग अमित शाह के दौरे का इंतजार बेसब्री से कर रहे हैं।
बुधवार को भाजपा आईटी सेल के प्रमुख और बंगाल के सह प्रभारी अमित मालवीय, सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो को साथ लेकर शांतनु ठाकुर के घर पहुंचे। यहां तीनों ने अमित शाह के सभा स्थल पर हो रही तैयारियों का जायजा लिया। इसके अलावा अमित मालवीय ने ठाकुर के साथ अलग से बैठक भी की है। शांतनु ठाकुर ने बताया कि मालवीय जियोतिर्मष को साथ लेकर आए हैं। उन्होंने सभा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया है। हम लोग मानकर चल रहे हैं कि अमित शाह की सभा में कम से कम दो लाख लोग आएंगे।
उल्लेखनीय है कि शाह ठाकुरनगर में जनसभा को संबोधित करने के साथ नदिया जिले में स्थित ऐतिहासिक इस्कॉन मंदिर में जाकर दर्शन और पूजा अर्चना भी करेंगे। दूसरे दिन राजधानी कोलकाता से सटे हिंदी भाषी बहुल हावड़ा जिले में उनका रोड शो और जनसभा भी है। इस सभा में तृणमूल कांग्रेस के और कई बागी नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लग रही है।
21/03/2022,8:01:19 PM. Read more
18/11/2021,8:35:58 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply