21/10/2020,1:43:04 PM.
|
नई दिल्ली : किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स को भले ही 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मैच में शतकीय पारी खेल सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने रिकॉर्डो की झड़ी लगा दी है। धवन ने पंजाब के खिलाफ 61 गेंदों पर 12 चौके और तीन छक्के की बदौलत नाबाद 106 रन बनाए। इसी के साथ धवन ने आईपीएल में 5000 रनों का आंकड़ा छू लिया है।
धवन टूर्नामेंट में 5000 रनों के आंकडे को छूने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि 169वें मैच में हासिल की। इसके अलावा वह आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में डेविड वार्नर को पीछे छोड़ते हुए चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। धवन के नाम 5044 आईपीएल रन हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के नाम 5037 रन हैं।
इस सूची में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली 5759 रन के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि सुरेश रैना (5368) दूसरे और मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा (5158) तीसरे स्थान पर हैं। यही नहीं इस शतकीय पारी के साथ ही धवन लगातार चार पारियों में 50 से अधिक का स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी शामिल हो गए हैं।
इस सूची में वीरेन्द्र सहवाग (2012 में दिल्ली डेयरडेविल्स), जोस बटलर (2018 में राजस्थान रॉयल्स), डेविड वार्नर (2019 में सनराइजर्स हैदराबाद) पांच अर्धशतकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जबकि लगातार चार पारियों में 50 रन से अधिक का स्कोर करने वाले बल्लेबाजों में धवन के अलावा विराट कोहली (2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर), केन विलियमसन (2018 में सनराइजर्स हैदराबाद) शामिल हैं। धवन ने मुंबई इंडियन्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब के खिलाफ शतकीय पारी खेली।
28/09/2023,5:51:34 PM. Read more
28/09/2023,5:37:49 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply