आत्महत्या को भी राजनीतिक हत्या का रूप देती है भाजपा: ममता
22/12/2020,7:51:28 PM.
कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी के राज्य में कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर ममता सरकार को फेल बताने पर अब तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को सचिवालय से प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया। राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या पर ममता सरकार को घेरने वाली भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “भले ही कोई आत्महत्या करे, वे (भाजपा) कहते हैं कि राजनीतिक हत्या है। पति-पत्नी झगड़ा करते हैं लेकिन वे इसे राजनीतिक साजिश कहते हैं।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2001 से 2011 तक 663 राजनीतिक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई। हालांकि, मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2011 के बाद से संख्या में कमी आई है।
इस बीच, भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट कर राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट किया, “बंगाल में अकेले अगस्त 2020 में, 223 बलात्कार के मामले दर्ज किए गए, जबकि राज्य का गृह विभाग बुआ (ममता बनर्जी) के नियंत्रण में है। चाहे वह मानव तस्करी हो या एसिड अटैक, राज्य अपराधियों का अड्डा बन गया है। बुआ सिर्फ अपने मतदाताओं और वोट बैंक के बारे में सोचती हैं। धिक्कार है!” मुख्यमंत्री ने भाजपा नेता के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा काफी कड़ी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता को सबसे सुरक्षित शहर होने का दावा किया है।
Leave a Reply