आरपीएफ ने दिल्ली बेचने ले जायी जा रही छह लड़कियों को बचाया, मानव तस्कर गिरफ्तार

08/12/2021,8:33:04 PM.

आसनसोलः  रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ की महिला सुरक्षाकर्मियों के समूह मातंगिनी स्क्वायड ने छह लड़कियों की जिंदगी बचा ली है। उन्हें यौन धंधे में उतारने के इरादे से बेचने के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। इन लड़कियों को सियालदाह-नयी दिल्ली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से बचाया गया। इन सब को एक मानव तस्कर बेचने के लिए ले जा रहा था। इस मानव तस्कर का नाम शेख अली मियां बताया गया है। जो दक्षिण 24 परगना के संतोषपुर का रहने वाला था। लड़कियां भी संतोषपुर की रहने वाली हैं और गरीब परिवार से हैं। आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह लड़कियों को दिल्ली किसी एजेंट को बेचने के लिए ले जा रहा था। छह लड़कियों में चार लड़किया नाबालिग हैं। शेख अली मिया लड़कियों को संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के दूसरे दर्जे की बोगी में लेकर जा रहा था। लेकिन बताया जा रहा है कि इन लड़कियों को 15-15 हजार में बेचा जाना था। लड़कियों की बरामदगी के संबंध में आरपीएफ की सब इंस्पेक्टर शुभ्रा दे ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि लड़कियों को काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जाया जा रहा है। लेकिन जब लड़कियों को पता चला कि उन्हें बेचने ले जाया जा रहा है तो वे रोने लगी थीं। वहीं मामले के संबंध में आरपीएफ के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त चंद्र मोहन मिश्रा ने बताया कि ट्रेन की यात्रियों ने हमें सूचना दी थी छह लड़कियों को संदेहजनक अवस्था में ले जाया जा रहा है।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *