13/12/2020,3:33:10 PM.
|
कोलकाता : उत्तर 24 परगना के हालीसहार में भाजपा के बूथ अध्यक्ष सैकत भयाल की हत्या के मामले में आखिरकार पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सोमनाथ गांगुली उर्फ केले सोमनाथ, सुदीप घोष उर्फ राइडर बाबाई और सुमन साहा उर्फ लाचार के तौर पर हुई है।
हत्या के मामले में दर्ज एफआईआर में इन तीन लोगों का नाम था। शनिवार देर रात छापेमारी कर पुलिस ने इन तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि तीनों ही सत्तारूढ़ पार्टी टीएमसी से जुड़े हुए हैं।
दरअसल, शनिवार शाम सैकत की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। सैकत के हमलावरों ने दो और भाजपा कार्यकर्ताओं को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिन्हें कल्याणी जेएनएम अस्पताल में भर्ती किया गया है।
इस पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने आरोप लगाया था कि विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को रोकने के लिए ममता बनर्जी के इशारे पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हिंसा का रास्ता अख्तियार किया है। पूरे विधानसभा चुनाव को रक्तरंजित करने की कोशिश हो रही है।
इस संबंध में उत्तर 24 परगना के तृणमूल अध्यक्ष और राज्य के खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने दावा किया है कि यह हत्या भाजपा की आपसी गुटबाजी की वजह से हुई है। पुराने और नए भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की वजह से ही हत्या की गई है।
इधर, भाजपा ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग पर रविवार को भी पूरे क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया। बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया है कि बीजपुर के तृणमूल नेता सुबोध अधिकारी ने ही भाजपा नेता की हत्या करवाई है।
21/03/2022,8:01:19 PM. Read more
18/11/2021,8:35:58 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply