एडिलेड टेस्ट : भारत की पहली पारी 244 रन पर सिमटी,मिचेल स्टार्क ने लिए 4 विकेट

18/12/2020,10:32:15 AM.

एडिलेड: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहाँ खेले जा रहे पहले डे-नाईट टेस्ट के दूसरे दिन आज भारत की पहली पारी 244 रनों पर सिमट गई। भारत ने आज अपने कल के स्कोर 6 विकेट पर 233 रन से आगे खेलना शुरू किया और टीम के बाकी चार विकेट 4.1 ओवर में ही गिर गए। भारतीय टीम आज अपने स्कोर में केवल 11 रन ही जोड़ सकी।

भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने सर्वाधिक 74 रन बनाए। कोहली के अलावा चेतेश्वर पुजारा ने 43 और अजिंक्या रहाणे ने 42 रन बनाए।
इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत खराब रही और पृथ्वी शॉ दिन की दूसरी ही गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। उनको मिचेल स्टार्क ने चलता किया। इनके बाद चेतेश्वर पुजारा और मयंक अग्रवाल ने दूसरे विकेट के लिए 31 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को पैट कमिंस ने तोड़ा। कमिंस की एक अंदर आती बेहतरीन गेंद पर मयंक बोल्ड हो गए। मयंक ने 40 गेंदों में 2 चौके की बदौलत 17 रन बनाये।
भारत को तीसरा झटका चेतेश्वर पुजारा के रूप में लगा जो 160 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हो गए। उनको नाथन ल्योन ने मार्नस लाबुशाने के हाथों कैच आउट कराया। 188 के कुल स्कोर पर कप्तान विराट कोहली भी 74 रन बनाकर रन आउट हो गए। 196 के कुल स्कोर पर उप-कप्तान अजिंक्या रहाणे भी 42 रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। भारत को छठां झटका हनुमा विहारी के रूप में लगा। विहारी 16 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए।
भारत को सातवां झटका रविचंद्रन अश्विन के रूप में लगा,जो 233 के कुल स्कोर पर 15 रन बनाकर पैट कमिंस की गेंद पर विकेटकीपर टिम पेन को कैच देकर आउट हुए। इसके बाद ऋद्धिमान साहा भी चलते बने। 235 के कुल स्कोर पर साहा 09 रन बनाकर स्टार्क का शिकार बने।
 स्टार्क ने इसके बाद उमेश यादव को भी पवेलियन भेज मैच में अपना चौथा विकेट लिया। उमेश ने 6 रन बनाए।पैट कमिंस ने मोहम्मद शमी को आउट कर भारतीय पारी का अंत किया।
 ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने चार, पैट कमिंस ने तीन और जोस हेजलवुड और नाथन ल्योन ने 1-1 विकेट लिया।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *