09/12/2020,12:25:11 PM.
|
नई दिल्ली: कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी बुधवार को 74 साल की हो गईं। उनके जन्मदिन पर पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। हालांकि, सोनिया गांधी ने पहले ही अपना जन्मदिन नहीं मनाने की बात कही है। उन्होंने देश में कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन और कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया है।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘कुशल नेतृत्व, सरलता व सद्भाव के पथ पर चल कर राष्ट्रीय गौरव व मर्यादाओं की कसौटी पर व्यक्तिगत क़ुर्बानी दे खरी उतरने वाली नेता, श्रीमती सोनिया गांधी के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं।’
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा, “मेरी आदर्श, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी को मेरी शुभकामनाएं। राष्ट्र के लिए उसकी शक्ति, दृढ़ विश्वास और प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। उसकी सफलता, अच्छे स्वास्थ्य और ढेर सारी खुशियों की कामना करें।”
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सोनिया गांधी जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके कुशल नेतृत्व में देश एवं पार्टी को जो मार्गदर्शन मिला है वो हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।
गुजरात से कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने कांग्रेस अध्यक्ष को त्याग एवं समर्पण की प्रतिमूर्ति बताया है। उन्होंने कहा कि ‘सबकी नेता सोनिया गांधी जी के जन्मदिन पर गुजरात के कांग्रेसजनों की ओर से बधाई एवं शुभकामना देता हूं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि आपको तंदुरुस्त रखे एवं जनहित में लड़ाई लड़ने के लिए ओर हिम्मत प्रदान करें।’
एआईसीसी के अंतरिम कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने भी सोनिया गांधी को बधाई देते हुए राष्ट्र व कांग्रेस को समर्पित प्रतिष्ठित सेवा में उनके दीर्घ आयु व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल भी सोनिया गांधी ने देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की बढ़ती हुई घटनाओं को देखते हुए जन्मदिन न मनाने का फैसला लिया था।
21/03/2022,8:01:19 PM. Read more
18/11/2021,8:35:58 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply