17/10/2020,11:58:25 AM.
|
कोलकाताः भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष भी महामारी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। उनकी जांच रिपोर्ट एक दिन पहले ही पॉजिटिव आई है जिसके बाद उन्हें राजधानी कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
अस्पताल सूत्रों ने शनिवार को बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। भर्ती करते समय उन्हें 102 डिग्री बुखार था लेकिन फिलहाल वह सामान्य हैं। उनका ऑक्सीजन लेवल भी सामान्य बना हुआ है। आईसीयू सपोर्ट की कोई जरूरत नहीं पड़ी है। फिलहाल उनके संपर्क में आए सभी लोगों को एहतियातन अपनी जांच कराने का निर्देश राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिया गया है। दिलीप घोष भाजपा के सबसे सक्रिय नेताओं में से एक रहे हैं। वह रोज ही हजारों लोगों से मिलते-जुलते थे इसलिए उनके कोरोना वायरस पॉजिटिव होने के बाद चिंता बढ़ गई है। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय के सारे लोगों की जांच कराई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गत 11 अक्टूबर को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सर्दी, खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण नजर आने के बाद वह खुद ही होम क्वॉरेंटाइन हो गए थे। उन्होंने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए थे और लोगों से मिलना-जुलना बंद कर दिया था। अब जब उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है तो संपर्क में आए सारे लोगों की शिनाख्त भी की जा रही है।
21/03/2022,8:01:19 PM. Read more
18/11/2021,8:35:58 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply