गुरुवार को राज्य सचिवालय का घेराव करेगी भाजपा, पुलिस से हिंसक टकराव की आशंका

07/10/2020,9:09:17 PM.

कोलकाताहिंदी.कॉम

कोलकाताः  पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे विधानसभा का चुनाव करीब आता जा रहा है वैसे-वैसे भाजपा और राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। अब राज्य में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा ने सचिवालय घेराव की योजना बनाई है। इस दौरान भाजपा और पुलिस के बीच हिंसक टकराव की आशंका है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने दो दिन के लिए नवान्न को बंद कर दिया है। हालांकि राज्य सरकार ने कहा कि कोरोना से बचान के लिए सचिवालय को सैनिटाइज किया जाएगा।

भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा गुरुवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विरोध में राज्य सचिवालय ‘नवान्न चलो’ अभियान करेगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या इस विरोध रैली की अगुवाई करेंगे तथा राज्य के युवाओं के लिए न्याय की मांग करेंगे। उनके साथ बंगाल युवा मोर्चा के प्रमुख सौमित्र खान भी शामिल होंगे। दोनों नेता गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे हावड़ा से ममता बनर्जी के कार्यालय तक मार्च करेंगे। युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में तेजस्वी की यह पहली विरोध रैली होगी। वह 15 दिन पहले ही पद पर नियुक्त किए गए हैं। इन नेताओं के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता जिसमें अरविंद मेनन, मुकुल रॉय दिलीप घोष शामिल हैं, वे भी सचिवालय घेराव का नेतृत्व करेंगे।

हावड़ा के शिवपुर में मौजूद सचिवालय बिल्डिंग का घेराव करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता कोलकाता और हावड़ा के अलावा उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा हुगली से हजारों की संख्या में एकत्रित होंगे। इन्हें मुख्यमंत्री दफ्तर तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने मंगलवार रात से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बताया गया है कि कोलकाता, हावड़ा और अन्य क्षेत्रों में कुल मिलाकर 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि भाजपा कार्यकर्ताओं को बीच रास्ते में ही रोका जा सके। इधर भाजपा भी हर हाल में राज्य सचिवालय तक पहुंचने की चेतावनी दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि अगर भाजपा कार्यकर्ताओं को जबरदस्ती गिरफ्तार किया गया तो पुलिस को इसके परिणाम भुगतने होंगे। उधर किसी भी सूरत में सचिवालय तक भाजपा कर्मियों का पहुंचना रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग शुरू कर दी है। इसलिए अंदाजा लगाया जा रहा है कि गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच हिंसक टकराव हो सकता है। कोरोना संकट की वजह से वैसे भी भीड़ एकत्रित करने पर पाबंदी है। इसके अलावा राज्य सचिवालय के पास हमेशा ही धारा 144 लगी रहती है। इसलिए बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं की सांकेतिक गिरफ्तारी की भी संभावना है।

तेजस्वी सूर्या ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध, कानून व्यवस्था समेत अन्य सात सूत्री मांगों को लेकर सचिवालय घेराव करने की घोषणा की है। बुधवार को उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी किया जिसमें कहा है कि ममता बनर्जी का शासन लोकतंत्र की हत्या का पर्याय बन चुका है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *