तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में 8 अक्टूबर को युवा मोर्चा करेगा मुख्यमंत्री के दफ्तर का घेराव

07/10/2020,4:03:34 PM.

कोलकाताः भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या अब पश्चिम बंगाल में ममता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। सूर्या कोलकाता में गुरुवार 08 अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सचिवालय नवान्न का घेराव करेंगे। प्रशासन ने भी प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए कई स्थानों पर बेरिकेडिंग करने के निर्देश दिए हैं।

पार्टी की प्रदेश इकाई ने बताया कि तेजस्वी सूर्य जैसे युवा नेतृत्व के साथ आंदोलन के लिए बंगाल भाजपा के कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। गुरुवार को सचिवालय ‘नवान्न चलो’ की अगुवाई कर राज्य के युवाओं के लिए न्याय की मांग करेंगे। उनके साथ बंगाल युवा मोर्चा के प्रमुख सौमित्र खां भी शामिल होंगे। दोनों नेता गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे हावड़ा से ममता बनर्जी के कार्यालय तक मार्च करेंगे। युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में तेजस्वी की यह पहली विरोध रैली होगी। पिछले दिनों ही भाजपा ने अपने सांगठनिक फेरबदल में ही तेजस्वी सूर्या को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है।

भाजपा ने ममता सरकार को घेरने के लिए सात सूत्रीय एजेंडा के साथ नई रणनीति बनायी है। भाजपा के मुद्दों में भ्रष्टाचार और एसएससी/टीईटी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी, बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी सुनिश्चित करने में असमर्थता, विभिन्न परीक्षाओं के लिए ऊपरी आयु सीमा बढ़ाने में असफलता, पीएससी को भ्रष्टाचार से मुक्त करना और भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाना आदि शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ता मनीष शुक्ला की हत्या और भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न को भी भाजपा मुद्दा बनायेगी।
गुरुवार को भाजपा के सचिवालय घेरने की तैयारियों को देखते हुए प्रशासन ने भी बैरिकेडिंग शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अभी आठ महीने का वक्त बाकी है और उससे पहले भाजपा ने राज्य सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *