दुष्कर्म के आरोपों में फंसे दक्षिण कोलकाता भाजपा अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

04/07/2020,7:39:54 PM.

कोलकाता (एजेंसी)। दुष्कर्म के आरोपों में फंसे दक्षिण कोलकाता के भाजपा अध्यक्ष सोमनाथ बनर्जी ने आखिरकार इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के पास उन्होंने अपना इस्तीफा पत्र भेजा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार साल 2021 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी की छवि खराब ना हो इसलिए सोमनाथ बनर्जी पर इस्तीफा देने का दबाव था। सोमनाथ में अपने इस्तीफा पत्र में लिखा है कि मैं किसी भी तरह से पार्टी की बदनामी नहीं चाहता हूं। भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस पर सफाई देते हुए सोमनाथ ने खुद को निर्दोष करार दिया और दावा किया था कि उन्हें फंसाने की कोशिश हो रही है।

प्रदेश भाजपा सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को ही सोमनाथ ने दिलीप घोष से मुलाकात की थी। उन्होंने खुद को निर्दोष करार दिया था लेकिन घोष ने स्पष्ट कर दिया था कि जब तक वह निर्दोष साबित नहीं हो जाते हैं तो तब किसी बड़े ओहदे पर बने रहना पार्टी के लिए नुकसानदायक है। उसके बाद ही शनिवार को उन्होंने इस्तीफा दिया है।

पार्टी सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि दिलीप घोष ने सोमनाथ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हालांकि जब तक किसी नए व्यक्ति को दक्षिण कोलकाता भाजपा इकाई का अध्यक्ष नहीं बना दिया जाता तब तक उन्हें काम जारी रखने को कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि सोमनाथ के खिलाफ हरिदेवपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज है। आरोप है कि शादी का आश्वासन देकर उन्होंने महिला से कई बार दुष्कर्म किया है। यह भी आरोप है कि उन्होंने पीड़ित महिला से 50000 रुपये भी लिए हैं। वापस मांगने अथवा शादी के लिए दबाव बनाने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *