30/10/2020,12:34:55 PM.
|
कोलकाता: घर में रोज-रोज होने वाले पारिवारिक विवाद के चलते बड़े बेटे ने अपनी बूढ़ी मां को कटारी (धारदार हथियार) से वारकर जख्मी कर दिया। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि इस घटना में मां बच गई। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि बड़े बेटे की मौत हो गई है।
मृतक का नाम तारक पाल है और जख्मी मां का नाम सुभद्रा पाल है। मां का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना से हावड़ा के निश्चिंदा थाना क्षेत्र के जामतला स्थित सुभाषपल्ली इलाके में गुरुवार रात हड़कंप मच गया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार तारक पाल के घर में प्रायः विवाद होता रहता था। गुरुवार को भी किसी बात को लेकर एक बार फिर से घऱ में आपसी विवाद होने लगा। इससे तिलमिलाए तारक ने अपनी मां पर कटारी से हमला करना शुरु कर दिया। मां को जख्मी करने के बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी सुभद्रा को बेलूर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि महिला के बड़े बेटे तारक पाल को उनके परिवार के सदस्यों द्वारा अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बड़े भाई को संदेह था कि उसकी मां उस पर जादू-टोना करती है। इसके कारण वह परेशान रहता था। इससे घर में अशांति पैदा होती, झगड़े होते रहते थे। निश्चिंदा थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
21/03/2022,8:01:19 PM. Read more
18/11/2021,8:35:58 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply