21/10/2020,5:43:42 PM.
|
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुरुवार को पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए विशेष संबोधन को राज्य के हर बूथ तक पहुंचानें की पूरी तैयारी कर ली है। मोदी गुरुवार 22 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए दुर्गा पूजा के अवसर एक विशेष ‘पूजोर शुभेच्छा’ (शुभेच्छा संदेश) जारी करेंगे। भाजपा ने इस संदेश को राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर पहुंचानें की व्यापक तैयारियां की है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, मोदी वीडियों कांफ्रेंसिंग के जरिए गुरुवार दोपहर 12 बजे राज्य में दुर्गा पूजा के उत्सव के शुरुआत के अवसर पर शुभकामना संदेश प्रसारित करेंगे। इस दौरान पश्चिम बंगाल के 78 हजार मतदान केंद्रों में प्रत्येक केंद्र पर 25 से अधिक कार्यकर्ता या समर्थक सामाजिक दूरी का पालन करते हुए इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के तहत कोलकाता स्थित पूर्व क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। सुबह 10 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। प्रदेश भाजपा ने इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। सूबे की सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ राज्य में भाजपा एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभर कर सामने आई है। भाजपा को उम्मीद है कि वह अगले चुनाव में सूबे की सत्ता पर काबिज होकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 10 साल के शासन का अंत करेगी। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी जबकि तृणमूल कांग्रेस को 22 सीटों पर सफलता हासिल हुई थी।
21/03/2022,8:01:19 PM. Read more
18/11/2021,8:35:58 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply