बंगाल में राजनीतिक हिंसाः पेड़ से लड़के मिले भाजपा के दो कार्यकर्ता

30/07/2020,8:21:39 PM.

कोलकाताहिंदी.कॉम

कोलकाताः एक तरफ पश्चिम बंगाल की जनता कोरोना वायरस से जूझ रही, डर में है, वहीं दूसरी ओर राज्य में कथित रूप से राजनीतिक हत्याएं हो रही हैं। उत्तर दिनाजपुर के भाजपा विधायक देवेंद्र नाथ राय की एक दुकान के बाहर लटकी हुई लाश पाये जाने का मामला अभी थमा भी नहीं है कि पिछले 24 घंटे में राज्य में दो भाजपा कार्यकर्तओं की कथित रूप से हत्या कर दी गई है। इन दोनों की लाशें पेड़ से लटकती हुई पाई गई हैं। भाजपा ने अपने दो कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेवार बताया है।

पूर्व मेदिनीपुर जिले के कछुरी गांव में भाजपा कार्यकर्ता पूर्णचरण दास का शव पेड़ से लटकता मिला है। वहीं मथुरापुर में बुथ सचिव गौतम पात्र का शव भी पेड़ से लटका मिला है। दोनों भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों ने उनकी हत्या करने की बात की है और इसके लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेवार ठहराया है।

पूर्णचंद्र की बहन ने कहा, ”आज यहां ग्राम सभा की बैठक होने वाली थी, जिसमें वह बोलने वाला था। इससे पहले ही उन्होंने (टीएमसी कार्यकर्ताओं) उसे मार डाला। एक स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता ने नाम जाहिर नहीं करते हुए कहा, ”तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता पूर्णचंद्र के अच्छे कामों की वजह से भयभीत थे।”

भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि हमारे दो कार्यकर्ताओं को 24 घंटे हत्या कर दी गई है। ममता बनर्जी के शासन में ऐसी राजनीतिक हत्या अब सामान्य हो गई हैं। उन्हें इसके लिए जिम्मेवारी लेनी ही होंगी।

मालूम हो कि भाजपा कार्यकर्ताओं की लाशें पेड़ से लटकी पाई जाने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पुरुलिया व वीरभूम जिले में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। तृणमूल शासन में राजनीति हिंसा की ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *