14/10/2020,8:40:47 PM.
|
बांका (एजेंसी)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजद पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार से लालटेन का युग चला गया है और जनता किसी के झांसे में आनेवाली नहीं है। वह बुधवार को यहां से 20 किलोमीटर दूर अमरपुर के बलुवा मैदान मेंं आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 साल पूर्व बिहार की स्थिति क्या थी और आज क्या माहौल है, यह किसी से छिपा नहीं है। सरकार ने भय के माहौल से बाहर कर लोगों को विकास के माहौल में जीने का वातावरण बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार ने अपने कार्यकाल में सबका साथ और सबका विकास की तर्ज पर लोगों की सेवा की है। समाज के पिछले पायदान पर खड़े लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया। महिलाओं को नगर निकाय व पंचायत चुनाव में 50 फ़ीसदी आरक्षण व सरकारी सेवा में 35 फीसदी आरक्षण का प्रावधान कर मुख्य धारा में जोड़ने का काम किया। सरकार ने सात निश्चय योजना को जमीन पर उतारने के काम को पूरा किया है। अब सात निश्चय- 2 के तहत हर खेत तक पानी, हर घर बिजली व अन्य विकासोन्मुखी कार्य को मूर्त रूप दिया जाएगा।
नीतीश ने कहा कि कोरोना काल में भी सरकार ने देश के कई प्रांतों में रह रहे प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने का काम किया। प्रवासी मजदूरों व कामगारों को भारी मात्रा में खाद्यान्न भी देने का काम किया। जिन मजदूरों व कामगारों को राशन कार्ड नहीं था, उन्हें भी सरकार ने राशन मुहैया कराने का काम किया।
सीएम ने राजद पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार से लालटेन का युग चला गया है और जनता किसी के झांसे में आनेवाली नहीं है। सभा को भवन निर्माण मंत्री अशोक कुमार चौधरी, सांसद गिरिधारी यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष विकास सिंह, विधायक जनार्धन मांझी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
22/10/2023,9:21:25 PM. Read more
28/09/2023,5:37:49 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply