सौरव गांगुली को हल्का हार्टअटैक, अस्पताल में भर्ती, ममता और शाह ने ली जानकारी

02/01/2021,3:55:50 PM.

कोलकाताः भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को हार्ट अटैक आया है। उन्हें दक्षिण कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जल्द से जल्द सौरव गांगुली को स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, “सौरव गांगुली को हल्का हार्ट अटैक आया है। सुनकर दुख हुआ। मेरी प्रार्थना है कि वह जल्द स्वस्थ हो जाएं। उनके परिजनों, दोस्तों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी प्रार्थनाएं हैं।’

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर उनके स्वास्थ्य की हालचाल पूछी है।

सौरव गांगुली के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि गांगुली शनिवार सुबह जिम करने गए थे, जिसके बाद उन्हें सीने में दर्द होने लगा। घर लौटने पर सिर चकराने लगा और वह गिर पड़े। उसके बाद उन्हें दक्षिण कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की ओर से बताया गया है कि उनके पूरे बॉडी की स्कैनिंग की गई है। अन्य जांच भी की जा रही है। रक्त वाहिका में गतिरोध दिखा है। फिलहाल उनकी हालत को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें इमरजेंसी में भर्ती किया गया था, जहां से वार्ड में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि सौरव का एंजियोग्राम किया गया है। जरूरत पड़ने पर एंजियोप्लास्टी की जाएगी।

बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने सौरव के परिवार से बात की है और कहा कि उनकी अवस्था ठीक है। वह डॉक्टरों को जवाब दे रहे हैं।

सौरव के हार्ट अटैक की खबर से उनके प्रशंसक चिंतित हो गई है। सोशल मीडिया के जरिये वे अपने चिंता जाहिर कर रहे हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *