बुद्धदेव भट्टाचार्य पूरी तरह स्वस्थ, आज मिलेगी अस्पताल से छुट्टी

15/12/2020,10:48:22 AM.

 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। पिछले सप्ताह बुधवार को सांस में तकलीफ के बाद उन्हें वुडलैंड अस्पताल में भर्ती किया गया था।

मंगलवार को अस्पताल की ओर से बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य उपचार के बाद अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। वे सामान्य खाना खा रहे हैं, बातचीत भी कर रहे हैं और उन्होंने अच्छी नींद ली है। शरीर की सारी गतिविधियां सामान्य हैं। आज ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

हालांकि घर पर भी वे डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। फिलहाल खानपान समेत घूमने-फिरने आदि में कुछ हिदायतें बरतने को कहा गया है। उनकी उम्र 76 साल है इसीलिए उम्र जनित कुछ समस्याएं पहले से ही हैं। परिजनों को विशेष तौर पर सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। उनके घर पर अस्थाई आईसीयू तैयार किया गया है। उसी में रखकर उनकी निगरानी की जाएगी।

अस्पताल से छुट्टी के बाद बुद्धदेव के साथ क्रिटिकल और मेडिसिन विशेषज्ञ भी जाएंगे। डॉक्टरों ने बताया कि पहले की तरह ही उनका बाई पैप सपोर्ट रखना जरूरी है। सोमवार को ही उनका कैथेटर और धमनी चैनल खोल दिया गया था।

वुडलैंड अस्पताल के डॉक्टर कौशिक चक्रवर्ती ने कहा कि उनके शरीर के सारे पैरामीटर सामान्य हैं। घर पर बाइपैप सपोर्ट का परामर्श देकर उन्हें छुट्टी दी जा रही है। उनका 5 दिनों का एंटीबायोटिक कोर्स खत्म हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री घर पर रहते हुए किताबें पढ़ते हैं और लिखते रहते हैं। उन्हें फिलहाल इन सब चीजों से दूर रहने को कहा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले ही घर लौटने की इच्छा जताई थी।

अस्पताल की सीईओ रूपाली बसु ने बताया कि सोमवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री ने अखबार पढ़ा था और उन्होंने सामान्य खाना खाया। उन्होंने घर जाने की इच्छा जताई। अब सबकुछ सामान्य है। परिवार के सदस्यों को हिदायत संबंधी जानकारी देकर उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *