भाजपा की रार सतह पर : दिलीप ने युवा मोर्चा की नई कमेटी को किया रद्द, सौमित्र ने मानने से किया इनकार

23/10/2020,7:24:43 PM.

कोलकाताः भाजपा की बंगाल इकाई में आपसी गुटबाजी चरम पर पहुंच गयी है। भाजपा के बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष व तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में आये व नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय के करीबियों के बीच आपसी घमासान खुलकर सामने आ गया है।

आरंभिक आपत्ति के बाद शुक्रवार को घोष ने भाजपा युवा मोर्चा की नवनियुक्त कमेटी को रद्द करने की घोषणा कर दी है। लगभग एक माह पहले भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सौमित्र खान ने युवा मोर्चा की नयी कमेटी की घोषणा की थी, जबकि सौमित्र ने दिलीप द्वारा कमेटी रद्द करने के निर्णय को मानने से इनकार करते हुए साफ कर दिया है।

दिलीप घोष ने शुक्रवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि कुछ कारणों की वजह से भाजपा युवा मोर्चा के सभी जिलाध्यक्षों व संबंधित जिला कमेटी को अगली घोषणा कर आज से रद्द किया जा रहा है। अगली नयी घोषणा तक उनके कार्यों का निर्वहन भाजपा के जिलाध्यक्ष करेंगे।
इधर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सौमित्र खान ने दिलीप घोष के निर्देश को मानने से इनकार कर दिया। खान ने कहा कि युवा मोर्चा की कमेटी में कोई भी परिवर्तन नहीं होगा। पूर्व घोषित कमेटी व जिला कमेटी ही काम करती रहेगी। ‘दिलीप दा’ ने क्या घोषणा की है, मुझे नहीं मालूम। शायद उनका गुस्सा मुझसे है इसलिए उन्होंने ऐसा किया है। लेकिन इससे बहुत ही गलत मैसेज जा रहा है। कोई बोलेगा कि बाहर से हम लोग आये हैं, तो सभी तो अब भाजपा के ही हैं। पदाधिकारी किसी दूसरी पार्टी के लोगों को नहीं बनाया गया है। सभी पार्टी के ही कार्यकर्ता हैं। मैं भाजपा का सदस्य हूं और सभी पदाधिकारी भी भाजपा के ही सदस्य हैं।

मालूम हो कि दिलीप घोष और सौमित्र खां के बीच मतभेद कोई नया नहीं है। पिछले अगस्त महीने में भी दोनों नेताओं में युवा मोर्चा की कार्यकारिणी और जिला पदाधिकारियों के नामों को लेकर विवाद दिखा था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *