भाजपा के उत्तरकन्या अभियान में हिंसा, एक कार्यकर्ता की मौत, मंगलवार को उत्तर बंगाल बंद का ऐलान

07/12/2020,8:43:15 PM.

पवन अग्रवाल

सिलीगुड़ीः भाजपा ने उत्तर बंगाल की उपेक्षा, भ्रष्टाचार समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर सोमवार को उत्तरकन्या अभियान किया। उत्तरकन्या अभियान के तहत सिलीगुड़ी में मार्च निकाला जिसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में हिंसक झड़प हुई। इससे सिलीगुड़ी रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। बैरिकेटिंग तोड़ने पर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इससे गुस्साये  प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पत्थरबाजी भी हुई। इस घटना में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। भाजपा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस के लाठी के हमले में उनके कार्यकर्ता उलेन राय (50) की मौत हुई है। वह गाजोलडोबा का निवासी था। इस झड़प में पुलिस वाले भी जख्मी हुए हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और सायंतन बसु सहित अन्य नेताओं ने पूरी घटना को लेकर पुलिस और राज्य सरकार के खिलाफ क्षोभ प्रकट किया। जबकि दूसरी तरफ राज्य पुलिस ने लाठीचार्ज से साफ इनकार कर दिया है। बहरहाल पुलिस ज्यादती के खिलाफ भाजपा ने मंगलवार को 12 घंटे के लिए उत्तर बंगाल बंद का ऐलान कर दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बंगाल प्रदेश के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, जो उत्तर कन्या अभियान को नेतृत्व दे रहे थे, ने कहा कि इस पूरी घटना ने साबित कर दिया है कि बंगाल में अराजकता का माहौल व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस की आड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं पर देशी बम चलाए हैं और पुलिस ने साजिश के तहत लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह केंद्रीय गृह मंत्री को रिपोर्ट देंगे।

इधर प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष अस्पताल पहुंचे और मृतक कार्यकर्ता उलेन राय के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान घोष ने पत्रकारों से कहा कि जिस प्रकार भाजपा की रैली पर पुलिस ने लाठीचार्ज व टियर गैस से हमला किया है, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि एक तरफ बिमल गुरुंग को स्वागत किया जा रहा है, और दूसरी तरफ भाजपा की रैली को रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब जल्द देगी।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *