26/12/2020,10:50:32 AM.
|
कोलकाताः पश्चिम बंगाल में 2021 के अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी राज्य के कोने कोने में अपनी पहुंच मजबूत करने में जुट गई है।
इसके लिए पार्टी ने “मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान की शुरुआत शनिवार से की है। शुक्रवार को ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने इस अभियान को शुरू करने का निर्देश दिया था। उसके बाद शनिवार को पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर यह अभियान शुरू किया गया है।
भाजपा के प्रदेश महासचिव संजय सिंह ने शनिवार इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिनभर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी राज्य के कोने-कोने में मौजूद बूथ अध्यक्षों के घर जाएंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे। उन्होंने बताया कि शनिवार को कम से कम 60 हजार बूथों पर यह अभियान चलाया जाएगा। राज्य में कुल 78 हजार 900 बूथ हैं। प्रत्येक बूथ पर भाजपा ने पदाधिकारियों की नियुक्ति की है।
पार्टी की कोशिश है कि राज्य के प्रत्येक बूथ पर मजबूत सदस्य रखे जाएं जो क्षेत्र में लोगों से जनसंपर्क करेंगे। यह विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के हर घर तक अपनी पहुंच सुनिश्चित करने के भाजपा के अभियान का हिस्सा है। भाजपा अपने बूथ अध्यक्षों के घर नेम प्लेट लगाएगी और उन्हें सम्मानित भी करेगी।
10 सालों से ममता बनर्जी की सरकार है इसीलिए उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस राज्य के कोने-कोने में अपनी पैठ पहले ही बना चुकी है। अब भाजपा भी इसमें पीछे नहीं रहना चाहती। 2019 के लोकसभा चुनाव में वैसे भी पार्टी ने राज्य की 42 में से 18 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता पर अपनी दस्तक दे दी है।
अब विधानसभा चुनाव में हर हाल में सत्ता पर काबिज होने के लक्ष्य के साथ भाजपा आगे बढ़ रही है। अमित शाह ने राज्य भर के पार्टी पदाधिकारियों को 200 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है। उसी के मुताबिक राज्य भर में मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान की शुरुआत की गई है।
21/03/2022,8:01:19 PM. Read more
18/11/2021,8:35:58 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply