भारत में कोरोना से मौतों का आंकड़ा कुछ घंटों में होगा 1 लाख के पार

02/10/2020,12:46:19 PM.

– देश में पिछले 24 घंटों में आए 81,484 नए मामले, 1,095 लोगों की मौत 
– ठीक होने वाले मरीजों का प्रतिशत बढ़कर हुआ 83.70

नई दिल्ली/कोलकाताः भारत दुनिया के गिनती के उन देशों में अगले कुछ घंटों में शामिल होने जा रहा है जहां कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख तक है। भारत यह नकारात्मक उपलब्धि हासिल करना वाला अमेरिका और ब्राजील के बाद तीसरा देश होगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार की सुबह जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि देश में कोरोना से पिछले 24 घंटों में 1,095 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 99,773 तक पहुंच गई है। यानी शुक्रवार की शाम तक जब कई राज्यों से ताजा रिपोर्टें आएंगी तो मृतकों की संख्या एक लाख पार हो जाएगी। आपके लिए यहां जानना जरूरी है कि अमेरिका में अब तक 212,660 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है जबकि इससे 7,494,671 लोग संक्रमित हुए हैं। वहीं दक्षिणी अमेरिकी देश ब्राजील में कोरोना ने 144,767 लोगों की जान ली है जबकि 4,849,229 लोग इससे संक्रमित हुए हैं।

अमेरिका, ब्राजील और भारत के बाद दुनिया में जिन अन्य देशों में सबसे अधिक कोरोना से मौतें हुई हैं, उनमें मेक्सिको, पेरू, ब्रिटेन, इटली, स्पेन, फ्रांस, ईरान प्रमुख रूप से शामिल हैं। भारत के बाद मेक्सिको में सबसे अधिक 78,078 लोगों की मौत महामारी से हुई है। उसके बाद ब्रिटेन का स्थान है जहां 42,202 लोगों की मौत का कारण कोरोना है।

बहरहाल भारत में शुक्रवर की सुबह तक कोरोना के मरीजों की संख्या 64 लाख के करीब पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 81 हजार 484 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 63, 94, 069 पर पहुंच गई है। शुक्रवार की सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में 9,42,217 एक्टिव मरीज हैं। वहीं, राहत भरी खबर भी है कि कोरोना से अबतक 53,52,078 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। देश का रिकवरी रेट बढ़कर 83.70 प्रतिशत हो गया है।

कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर इसकी जांच की संख्या भी बढ़ा दी गई है। देश में पिछले 24 घंटों में 10,97,947 सैंपल की जांच की गई। इसके साथ ही देश में अबतक 7,67,17,728 सैंपल की जांच की जा चुकी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *