16/12/2020,6:52:59 PM.
|
कूचबिहारः पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई के बीच आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यहां राजनीतिक बयानबाजी तेज हो चली है। बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देते हुए कहा है कि दिल्ली के सारे नेता बंगाल चले आएं और युद्ध कर लिया जाए, मैं कभी भी सिर नहीं झुकाउंगी।
तृणमूल सुप्रीमो ने बुधवार को कूचबिहार के रासमेला मैदान में एक सभा की। वहां उन्होंने भाजपा को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की पूरी दिल्ली ईकाई बंगाल में आएगी, तो आएं, युद्ध कर लिया जाए। आपके (भाजपा) साथ गुंडे होंगे, मेरे साथ आम लोग हैं।
ममता ने कहा कि वह भाजपा के सामने कभी नहीं झुकेंगी। उन्होंने कहा कि हमें लोकसभा चुनाव में सीटें नहीं मिलीं, लेकिन अहंकार नहीं है। कूचबिहार में मतदाता सूची से नाम हटाने का प्रयास हो रहा है। कहा, बाहरी गुंडे राज्य में आ रहे हैं, वे कौन हैं?
हम जितने मत, उतने पथ में विश्वास करते हैं। अपनी पार्टी में मची टूट के बीच कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के लिए ममता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पहले एक छोटा पौधा हुआ करता था, अब पार्टी एक बरगद का पेड़ हो चुकी है। यदि आप चट्टान पर कील मारते हैं, तो कील टूट जाएगा। सभी को टिकट देना संभव नहीं है। भाजपा हर समय बदनामी और दुष्प्रचार कर रही है।
केंद्र की फसल बीमा योजना को बंगाल में नहीं लागू करने को लेकर लगातार सवालों में रहने वाली ममता ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की फसल का बीमा किया है। किसानों को एक पैसा नहीं देना होगा।
ममता ने दावा किया कि उनकी सरकार अपने वादों को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार देशद्रोही नहीं है। हम वही करते हैं जो हम वादा करते हैं। रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा लिखे गए राष्ट्रगान में बदलाव के प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए ममता ने कहा कि यदि आपके पास शक्ति है, तो इसे करके दिखाएं। ममता ने दावा किया कि सुब्रत-अनुब्रत को पार्टी बदलने की पेशकश की गई थी। सुब्रत बक्शी को फोन आया था और उनसे पार्टी बदलने की पेशकश की गई। भाजपा पर हमला करते हुए ममता ने कहा, उन्होंने कहा था कि एक साल में दो करोड़ बेरोजगारों को नौकरी देंगे लेकिन इसे पूरा नहीं कर सके। उनके वादे का मतलब धोखा है।
ममता ने कहा कि भाजपा सरकार ने अब तक क्या दिया है? हम सबकुछ करेंगे, और वे स्पष्टीकरण मांगेंगे! बस डर दिखाओ, धमकी दो। ममता ने कहा कि भाजपा पैसा दे रही है, उस पैसे को मत छुओ। ममता ने लोकसभा चुनाव के परिणामों का हवाला देते हुए भाजपा पर हमला किया। हम कूचबिहार में लोकसभा चुनाव हार गए। लेकिन जो जीते हैं वे अब बदमाशी कर रहे हैं।
ममता ने कहा कि अगर वह सत्ता में लौटती हैं, तो सरकार फिर से मुफ्त राशन देगी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी सेवा से वंचित नहीं रहेगा। केंद्र ने प्रवासी श्रमिकों के लिए ट्रेन का किराया भी नहीं दिया है। हमने प्रवासियों को लौटाने के लिए बस-ट्रेन की व्यवस्था की है। तब माकपा-भाजपा कहां थे?
बागी नेताओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि कपड़े बदले जा सकते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदला जा सकता है।
28/09/2023,5:51:34 PM. Read more
28/09/2023,5:37:49 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply