11/01/2021,5:31:32 PM.
|
कोलकाताः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने उनका साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं पर इशारे-इशारे में तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि बहुत सारे लोग काले धन को सफेद करने के लिए भाजपा में गए हैं। उन्हें उनकी ब्लैक मनी सुरक्षित रखने का आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा का नाम बिगड़ते हुए उसे “भारतीय जंक पार्टी” करार दिया।
दरअसल मुख्यमंत्री का इशारा राज्य के पूर्व परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी, कोलकाता के पूर्व मेयर शोभन चटर्जी जैसे उन शीर्ष नेताओं पर है जो पार्टी छोड़ने के बाद मुख्यमंत्री और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। सोमवार को सीएम ने नदिया जिले के राणाघाट में बांग्लादेश के शरणार्थी मतुआ समुदाय बहुल क्षेत्र में जनसभा की। यहां के हबीबपुर छातिमताला इलाके में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर उन्होंने तीखा प्रहार किया। ममता ने कहा कि सीबीआई और ईडी का डर दिखाकर दूसरी पार्टियों के नेताओं को भाजपा अपने पाले में कर रही है। ममता ने कहा कि वह पार्टी (भाजपा) डस्टबिन बन गई है। उन्होंने कहा कि कोई करोड़ों रुपये का घोटाला कर अगर भाजपा में चला जाएगा तो उसके सारे दोष माफ हो जाएंगे।
केंद्र पर लगाया एकनायकवाद चलाने का आरोप
ममता बनर्जी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर देशभर में एकनायकवाद चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी को सीबीआई का डर दिखाते हैं तो किसी को ईडी का डर। चिटफंड मामले का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि उनके आरोपों में कोई दम नहीं है। देख लीजिएगा कोर्ट में वह हारेंगे और लोग उन्हें जवाब देंगे। हाल ही में भाजपा में शामिल होने वाले शुभेंदु अधिकारी की ओर इशारा करते हुए
ममता ने कहा कि अभी कुछ लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली है। जानते हैं क्यों? क्योंकि बहुत पैसा एकत्रित किया था। अब उन्हें ईडी और सीबीआई से डर लगता है। वह (भाजपा) कह रहे हैं कि अगर रुपया बचाना चाहते हो तो भाजपा में चले आओ। अगर काले धन को सफेद करना चाहते हो तो भाजपा में चले आओ। यदि दो नंबरी काम करना चाहते हो तो भाजपा में चले आओ। यदि भ्रष्टाचार करना चाहते हो तो भाजपा में चले आओ। भाजपा जंक पार्टी हो गई है। यहां केवल कूड़े कचरे को एकत्रित किया जा रहा है। जो भाजपा में जाते हैं उनके सात खून माफ हो जाते हैं। उसमें सारे चोर लोग हैं।
21/03/2022,8:01:19 PM. Read more
18/11/2021,8:35:58 PM. Read more
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply