राजनीतिक हिंसा के खिलाफ ‘आर नोई अन्याय’ के साथ सड़क पर उतरी भाजपा

02/12/2020,1:37:09 PM.

 

कोलकाता: राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजयुमो की ओर से मंगलवार को राज्य में ‘आर नोई अन्याय’ अभियान शुरू किया गया है। भाजयुमो नेताओं ने कहा कि यह पांच दिवसीय अभियान बंगाल में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस की कथित गुंडागर्दी के खिलाफ है।

अभियान के पहले दिन मंगलवार को उत्तर 24 परगना के बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत बीजपुर अंचल में भाजयुमो के नवद्वीप ज़ोन के कन्वेनर प्रियांगू पांडे, बीजपुर के विधायक व मुकुल रॉय के पुत्र शुभ्रांशु रॉय के नेतृत्व में रैली निकाली गई। इसमें भाजपा नेता उमा शंकर सिंह व सागर राय सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय युवा मोर्चा समर्थकों ने हिस्सा लिया।

इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए प्रियांगू पांडे ने कहा, ‘बंगाल में लोकतंत्र पूरी तरह खत्म हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों की हत्या, हमले की घटनाएं अब बहुत हो चुकी है। जनता पर अत्याचार बहुत हो चुका। अब अन्याय नहीं झेलेंगे। अब ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।’ दूसरी ओर, राज्य के अन्य जिलों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से इस अभियान के तहत रैली निकाली गई। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की कथित गुंडागर्दी के खिलाफ अपना विरोध जताया। राज्य में अगले साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।

इसको लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल और विपक्षी भाजपा के बीच जबरदस्त सियासी घमासान चल रहा है। दोनों दलों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ इंटरनेट मीडिया और अन्य माध्यमों से अलग-अलग नामों से कई अभियान चलाए जा रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला तृणमूल और भाजपा के बीच ही माना जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *