शुभेंदु के इस्तीफे के बाद एक्शन मोड में ममता, 7 दिसंबर को जाएंगी मेदिनीपुर

29/11/2020,12:25:23 PM.

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद सबसे ज्यादा जनाधार और जनप्रियता रखने वाले शुभेंदु अधिकारी के कैबिनेट से इस्तीफा दे देने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चिंतित हैं।

पूर्व मेदिनीपुर में शुभेंदु अधिकारी के परिवार का दबदबा है और उनके परिवार के शिशिर अधिकारी और अन्य सदस्यों की पूरे क्षेत्र में तूती बोलती है। शुभेंदु के मंत्री पद से इस्तीफे के बाद उनके पार्टी छोड़ने के भी कयास लगाए जा रहे हैं जिसकी वजह से पूरे क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व संकट में आ सकता है। इसी हालात को भापकर अब खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कमान संभाल ली हैं। वह भी सात दिसंबर को मेदिनीपुर जाएंगी। खबर है कि वह पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर का दौरा करेंगी।

हालांकि आधिकारिक सूत्रों ने यह भी बताया है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के घर जाकर उनसे बात कर सकती हैं लेकिन इस बारे में अभी तक आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। दरअसल छह दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कोलकाता आ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार शुभेंदु अधिकारी जेपी नड्डा से मुलाकात कर भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। अगर छह को वह नड्डा से मिल रहे हैं तब ममता बनर्जी उनके घर नहीं जाएंगी और अगर नहीं मिलेंगे तब सीएम शुभेंदु से मुलाकात कर सकती हैं। इसीलिए पूरे हालात पर सभी की नजर बनी हुई है। इस बीच रविवार को महिषादल में शुभेंदु अधिकारी की सभा है। मंत्री पद से इस्तीफे के बाद उनकी यह पहली जनसभा होनी है इसलिए उनके संबोधन पर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *