04/12/2020,8:53:55 PM.
|
कोलकाताः एक दिन पहले ही तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पार्टी के वरिष्ठ सांसदों के साथ बैठक में संकेत दे दिया था कि अब शुभेंदु अधिकारी का चैप्टर क्लोज हो गया है। दूसरे दिन यानी शुक्रवार को उन्होंने यह स्पष्ट रूप से कह दिया है कि जिनको पार्टी में रहना है रहे, नहीं तो छोड़कर जाए।
दरअसल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जो अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सर्वेसर्वा भी हैं, ने शुक्रवार को पार्टी की एक सांगठनिक बैठक की। वर्चुअल माध्यम से हुई इस बैठक में सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, सांसद और विधायक शामिल हुए थे। इस बैठक में शुभेंदु के पिता शिशिर अधिकारी, जो पूर्व मेदिनीपुर जिले के पार्टी अध्यक्ष और कांथी के सांसद हैं, भी मौजूद थे। बैठक में ममता ने बिना शुभेंदु का नाम लिए स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो हमारे साथ नहीं है, उन्हें पार्टी छोड़कर जाना होगा। जो हमारे साथ रहना चाहते हैं, वे साहस दिखाए, और पार्टी गतिविधियों में शामिल हों, नहीं तो वे लुटुेरों की पार्टी में चले जाएं। ममता ने यह भी स्पष्ट तौर पर कहा कि नंदीग्राम और पूर्व मेदिनीपुर में पार्टी विरोधी गतिविधियां चलने की उन्हें खबर मिली है।
ममता का यह बयान निश्चित रूप से तृणमूल कांग्रेस के बागी नेता शुभेंदु अधिकारी के लिए है जिन्होंने हाल ही में नंदीग्राम में एक रास उत्सव में शामिल होकर स्पष्ट रूप से अपनी प्रखर आवाज में अपने दम पर जनता के हित में काम करने की बात कही थी। इसके अलावा उन्होंने पूर्व मेदिनीपुर जिले समेत विभिन्न जिलों में हाल के दिनों में बिना ममता बनर्जी और तृणमूल के झंडे तले कई कार्यक्रम भी किये हैं। इसके बाद से शुभेंदु और तृणमूल नेतृत्व में दूरी बढ़ गई है। एक सप्ताह पहले उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार से मंत्री पद से इस्तीफा भी दे दिया था। उसके बाद तृणमूल सांसद सौगत राय ने शुभेंदु से बात कर और व्हा्टसऐप मैसेज भेज कर उन्हें मनाने की कोशिश की थी लेकिन इसका नतीजा सिफर ही निकला। इसलिए अब यह तय दिख रहा है कि शुभेंदु अधिकारी किसी समय तृणमूल कांग्रेस की विधायकी और प्राथमिक सदस्यता छोड़ सकते हैं। बहुत ज्यादा संभावना व्यक्त की जा रही है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के 6 दिसंबर को कोलकाता दौरे के दाैरान शुभेंदु भगवा पार्टी में शामिल हो जाएं। क्या ऐसा होगा, अब सबको रविवार के दिन का इंतजार है।
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply