सांसद सुनील के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

26/12/2020,3:56:16 PM.

 

कोलकाताः तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले सांसद सुनील मंडल का शनिवार सुबह कोलकाता के हेस्टिंग्स स्थित भाजपा कार्यालय में पहुंचने के दौरान सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध कर हंगामा किया। उनके खिलाफ नारेबाजी कर काले झंडे दिखाए और उनकी गाड़ी के सामने लेटकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे जिनके साथ तृणमूल कार्यकर्ताओं की धक्का मुक्की हुई।

दरअसल गत शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्य के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ तृणमूल सांसद सुनील मंडल ने भी भाजपा की सदस्यता ली थी। हेस्टिंग्स स्थित भाजपा दफ्तर में उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। आज सुबह जब सांसद सुनील मंडल भाजपा दफ्तर पहुंचे तो भाजपा कार्यालय के ठीक सामने बने तृणमूल कांग्रेस के मंच से कार्यकर्ता सांसद सुनील का विरोध कर जबरदस्त नारेबाजी करने लगे।
तृणमूल कार्यकर्ताओं ने न केवल उन्हें मंच से काले झंडे दिखाए बल्कि उनकी गाड़ी के सामने भी लेट गए। इसे देखकर भाजपा कार्यकर्ता भी उग्र होने लगे जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया लेकिन हंगामा थम नहीं रहा था जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और सुनील मंडल की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अपने घेरे में लेकर सकुशल पार्टी दफ्तर में पहुंचाया।

हालांकि सुनील मंडल ने इस मामले में अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने घटना की तीखी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस मौजूद थी लेकिन हालात को संभाला नहीं जा सका। बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं और सुनील मंडल की सुरक्षा में तैनात रहने वाले कर्मचारियों ने उन्हें तृणमूल कर्मियों के चंगुल से सांसद सुनील को बचाकर पार्टी दफ्तर ले गए।

सुनील के खिलाफ दल बदल कानून के तहत कार्रवाई होगी : सौगत रॉय

इधर इस घटना पर प्रतिक्रिया के लिए जब तृणमूल कांग्रेस के दमदम से सांसद सौगत रॉय से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि सुनील मंडल ने दल-बदल कानून का उल्लंघन किया है। तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर दो बार सांसद बनने के बावजूद उन्होंने पार्टी बदल ली। पार्टी उनके खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई करेगी। तृणमूल कार्यकर्ताओं के विरोध के बारे में सौगत रॉय ने कहा कि लोग अपने आप विरोध कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *