17/12/2020,1:03:53 PM.
|
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कद्दार तृणमूल नेता शुभेंदु अधिकारी को लेकर पार्टी ने एक बड़ा बयान दिया है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने दावा किया है कि शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री अथवा उप मुख्यमंत्री बनना चाहते थे।
उनके इस बयान से राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दरअसल सीएम के भतीजे अभिषेक बनर्जी को पार्टी में भावी नेतृत्व के तौर पर तैयार किए जाने से नाराज शुभेंदु अधिकारी ने जब ममता कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया तो उन्हें मनाने का जिम्मा सौगत रॉय को ही सौंपा गया था। सौगत ने दो बार उनके साथ बंद दरवाजे के अंदर बैठक भी की थी लेकिन बात नहीं बनी थी। उसके बाद बुधवार को शुभेंदु अधिकारी ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है और बर्दवान में तृणमूल विधायक के घर बैठक कर स्पष्ट कर दिया है कि वह भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।
इसके बाद अब सौगत राय सामने आए हैं। उन्होंने कहा है कि शुभेंदु अधिकारी हमेशा चाहते थे कि वह पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री या उप मुख्यमंत्री बनें। भाजपा में उनकी यह मंशा कैसे पूरी होती है, यह देखेंगे। दरअसल दमदम के सांसद सौगत राय ने शुभेंदु को मनाने के लिए अभिषेक बनर्जी और प्रशांत किशोर के साथ मीटिंग भी कराई थी। लेकिन नंदीग्राम से विधायक शुभेंदु ने व्हाट्सएप पर उन्हें बता दिया था कि अब एक साथ काम करना संभव नहीं है।
उसके बाद सौगत रॉय का इस तरह का दावा चौंकाने वाला है। उन्होंने कहा कि हो सकता है भाजपा ने उन्हें पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री बनने का लोभ दिखाया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें कई अहम जिम्मेदारियां दी थी लेकिन पार्टी में वह पांच छह जिलों में अपना नियंत्रण चाहते थे जो संभव नहीं था, इसलिए नाराजगी थी।
© 2015 - 2020 kolkatahindi.com
Design & Develop by GWS
Leave a Reply