सौरभ के स्वास्थ्य की चिंताः राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने जाकर की भेंट, अस्पताल के बाहर लगी समर्थकों की भीड़

02/01/2021,7:06:49 PM.

कोलकाताः हार्ट अटैक के बाद दक्षिण कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल में भर्ती बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ अस्पताल के बाहर लग गई है। लोग दादा के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। वहीं राज्यपाल जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वयं अस्पताल जाकर उनसे भेंट की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

डॉक्टरों ने बताया है कि सौरव गांगुली के शरीर में एक स्टेंट प्रत्यारोपित किया गया है। एंजियोप्लास्टी खत्म हो गई है। गांगुली की 3 धमनियों में ब्लॉकेज है। एक धमनी में 90 फीसदी ब्लॉकेज है। सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। डॉक्टर अगले कुछ दिनों में दो और स्टेंट प्रत्यारोपित करने पर विचार कर सकते हैं। अस्पताल की ओर से बताया गया है कि कम से कम 48 घंटे तक सौरव गांगुली को निगरानी में रखा जाएगा। उनके इलाज के लिए पांच डॉक्टरों की एक टीम बनाई गई है। चिकित्सकों का कहना है कि उन्हें सही समय पर अस्पताल में लाया गया है। हालत स्थिर है।

उल्लेखनीय है कि आज सुबह व्यायाम करते समय सौरव गांगुली को सीने में दर्द हुआ था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्यपाल जगदीप धनखड़ समेत राज्य के सभी पार्टियों के नेताओं ने गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सौरव की पत्नी डोना गांगुली को फोन किया और उन्हें बातचीत कर उनका हाल जाना। साथ ही हर तरह की मदद का आश्वासन दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *