धर्मेंद्र ने शेयर की राज कपूर और नरगिस की थ्रोबैक तस्वीर, बोले-वो लौट के ना आएंगे

20/07/2020,4:28:07 PM.

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने अपने पुराने दिनों को याद किया है। धर्मेंद्र ने सोशल मीडिया पर रविवार को फिल्म प्रेमियों के लिए एक खास और अनदेखी तस्वीर शेयर की है। धर्मेंद्र ने ट्विटर पर दिवंगत अभिनेत्री नरगिस और राज कपूर की एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की है। यह तस्वीर उस समय की है जब राज कपूर और नरगिस ने 1949 में अपनी फिल्म अंदाज की शूटिंग के लिए लंदन में थे। धर्मेंद्र ने ट्विटर पर थ्रोबैक तस्वीर शेयर कर लिखा-‘वो दिन……धरम…..अंदाज…..वो…..लौट के ना आएंगे…..एक आह….।’

ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर में दोनों लंदन के स्ट्रैटफोर्ड कोर्ट होटल (अब एडवर्डियन बर्कशायर होटल) के बाहर खड़े हैं। राज के होठों पर एक सिगरेट है और वह अपना सूट ठीक कर रहे हैं। तस्वीर में नरगिस उनको देखकर हंस रही हैं। वहीं राज कपूर की पोती और रणधीर कपूर की बेटी करिश्मा कपूर ने भी अपने इंस्टाग्राम पर इस तस्वीर को शेयर की है। करिश्मा कपूर ने लिखा-‘हमारे हैंडसम दादाजी।’ साथ ही हैशटैग ग्रैंडफादर, फैमिलीलव, राजकूपर, लीजेंड लगाया।

1949 में आई फिल्म अंदाज को महबूब खान ने निर्देशित किया था। फिल्म में नरगिस (नीना) एक अमीर व्यापारी की बिगड़ैल बेटी थी। फिल्म में नरगिस के साथ दिलीप कुमार और राज कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। नरगिस की सादगी, राजकपूर के नटखटपन और दिलीप कुमार की संजीदगी को पेश करती यह फिल्म हिट हुई थी। फिल्म का संगीत नौशाद ने दिया। इसमें लता मंगेशकर और मुकेश के गीतों ने धूम मचाई थी।
बॉलीवुड में ‘हीमैन’ के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र लंबे समय से अपने फार्महाउस पर हैं और अपना सारा समय खेती में बिता रहे हैं। 85 वर्षीय धर्मेंद्र सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। धर्मेंद्र अपने फार्म हाउस पर सब्जियां और फल उगाते हैं। वह अक्सर खेतों से फलों व सब्जियों और प्रकृति की सुंदरता का वीडियो शेयर करते रहते हैं (साभार- हिंदुस्थानसमाचार.इन)।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *