पराक्रम दिवस पर कोलकाता में ममता-मोदी दिखाएंगे दम

20/01/2021,8:41:06 PM.

कोलकाताः पश्चिम बंगाल में आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए बंगाल के मनीषियों और स्वतंत्रता सेनानी राजनीतिक पार्टियों के लिए शक्ति प्रदर्शन का जरिया बनते जा रहे हैं। आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती 23 जनवरी को कोलकाता में भाजपा और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। केंद्र सरकार पहले ही घोषणा कर हो चुकी है कि 23 जनवरी को पूरे देश में पराक्रम दिवस के तौर पर पालन किया जाएगा। बंगाल में भाजपा इस कार्यक्रम को मनाने वाली है। इसके अलावा केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अधीनस्थ कोलकाता के मशहूर विक्टोरिया मेमोरियल के हॉल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संबंधित एक और प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रधानमंत्री करने वाले हैं। इसके लिए वह कोलकाता आएंगे। इसके अलावा नेताजी के जीवन संघर्ष और देश प्रेम से संबंधित परिचर्चा में वह व्याख्यान भी देंगे। इधर उस दिन कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पदयात्रा कर शक्ति प्रदर्शन करने वाली हैं।
तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने बताया है कि श्याम बाजार के पांच माथा मोड़ से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक एक पदयात्रा का आयोजन होगा जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी करेंगी। इसमें कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना से भी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को शामिल होने का निर्देश दिया गया है।
तृणमूल का मानना है कि उस दिन ममता बनर्जी की पदयात्रा में भारी संख्या में लोग शामिल होंगे। हालांकि इस पदयात्रा में तृणमूल कांग्रेस के झंडे, बैनर, पोस्टर आदि का इस्तेमाल किया जाएगा या नहीं इस बारे में फिलहाल निर्णय नहीं लिया गया है। इधर भाजपा भी पश्चिम बंगाल में उस दिन कई कार्यक्रम आयोजित करने वाली है। कुल मिलाकर कहें तो नेताजी जयंती को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन के तौर पर मनाने जा रहे हैं।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *