बिहार: 11 वीं की छात्रा से दुष्कर्म, हत्या कर तालाब किनारा फेंका शव

26/10/2020,10:22:34 AM.

 

मधुबनी: जिला के बेनीपट्टी प्रखंड स्थित अड़ेर थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय एक इंटर की छात्रा से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। दुष्कर्म करने के बाद छात्रा की हत्या कर दी गई। इस सन्दर्भ में रविवार की देर रात अड़ेर थाना में परिजनों ने मामला दर्ज कराया है। छात्रा का शव स्थानीय तालाब के किनारे रविवार को बरामद किया गया। शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार छात्रा का मुंह दाबकर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। फिर अपराधियों ने उसकी हत्या कर शव वहीं फेंक दिया है। सूत्रों के अनुसार दो से अधिक अपराधियों को इस घटना में संलिप्त रहने एवं घटनास्थल से भाग खड़े होने के साक्ष्य पुलिस को मिले हैं। घटनास्थल के निकट दो देसी शराब की बोतल व नमकीन भुजिया के पैकेट भी बरामद हुए हैं। ग्रामीणों व पुलिस के बीच शव को उठाने को लेकर नोंक-झोंक भी हुई। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, शव का मुंह ओढ़नी से बंधा हुआ था। पुलिस ने आशंका जताई है कि लड़की के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, फिर उसकी हत्या कर दी गई।

इधर, युवती का शव मिलते ही उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। मामले में ग्रामीणों ने बताया कि लड़की 24 अक्टूबर की सुबह अपने घर से तालाब पर मिट्टी लाने गई थी, लेकिन शाम तक वह वापस नहीं लौटी। चिंतित परिजन व गांव के लोगों ने उसकी खोज शुरू की। लड़की का कुछ पता नहीं चल सका। देर शाम तक लड़की के घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों द्वारा तालाब किनारे भी लड़की को खोजा गया, लेकिन वह नहीं मिली। रविवार की सुबह तालाब किनारे ही लड़की का मुंह बंधा शव मिला। सूचना मिलते ही अड़ेर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।

इस सन्दर्भ में आरक्षी अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है। अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *