भाजपा सांसद सौमित्र खां की पत्नी सुजाता खां को राज्य सरकार ने दी सुरक्षा

23/12/2020,11:05:51 AM.

 

कोलकाताः भारतीय जनता पार्टी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थामने वाली सुजाता मंडल खां को राज्य सरकार ने सशस्त्र सुरक्षा उपलब्ध कराई है। प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष और बांकुड़ा के विष्णुपुर से सांसद सौमित्र खां की पत्नी सुजाता मंडल खां गत सोमवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं।

2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सौमित्र खां ने भी तृणमूल छोड़कर भाजपा का दामन थामा था लेकिन राज्य सरकार ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए थे। इसकी वजह से जिले में उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लग गया था। ऐसी परिस्थिति में सुजाता मंडल ने पति की जगह पूरे क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया और उन्हें जीत मिली।

अब जबकि सुजाता ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया है, सौमित्र ने उन्हें तलाक का नोटिस भेजा है। इसमें सुजाता पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने इसका कोई जवाब अभी तक नहीं दिया है।

इधर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद सुजाता मंडल को राज्य सरकार ने सशस्त्र सुरक्षा उपलब्ध कराई है। राज्य गृह विभाग के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है कि सुजाता मंडल की यात्रा के दौरान सुरक्षा में तीन जवानों को लगाया गया है। इनमें से एक जवान के पास एके-47 और बाकी दो के पास नाइन एमएम का पिस्टल रहेगा। बड़जोड़ा में सुजाता मंडल के घर 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इसमें एक एसआई है और तीन कॉन्स्टेबल रहेंगे। तृणमूल सूत्रों ने बताया कि सुजाता मंडल जल्द ही तृणमूल कांग्रेस की ओर से प्रचार के लिए निकलेंगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *