वामो का दावा : सफल‌ रहा भारत बंद, ममता पर लगाया भाजपा को खुश करने का आरोप

08/12/2020,7:47:22 PM.

 

कोलकाता: कांग्रेस और वाममोर्चा (वामो) ने कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को आहूत भारत बंद को सफल बताया है। वामो ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार निशाना साधा है। बंगाल विधानसभा में वामो विधायक दल के नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा को संतुष्ट करने के लिए नए कृषि कानून के खिलाफ किसानों द्वारा मंगलवार को बुलाई गई हड़ताल का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में वोट की खातिर मुख्यमंत्री किसानों पर दया दिखा रही है। बंगाल में किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम मूल्य तक नहीं मिल पाता है। उन्हें बाध्य होकर अपनी फसल को बेहद कम दाम पर बेचना पड़ता है। जनता ने हड़ताल के खिलाफ राज्य सरकार की ओर से जारी की गई अधिसूचना को खारिज करते हुए इसे सफल बनाया है। ममता ने सिंगुर में भाजपा के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया था इसलिए भाजपा हमेशा उसके दोहरे मानदंड का हिस्सा रही है।

हिंदी भाषियों को पसंद नहीं करती ममता 
सुजन ने ममता पर प्रांतवाद की राजनीति करने और गैर बंगालियों को पसंद नहीं करने का भी आरोप लगाया। चक्रवर्ती ने कहा कि ममता बनर्जी को यह भी याद रखना चाहिए कि बैरकपुर में कार से उतरकर उन्होंने गैर-बंगालियों के बारे में क्या कहा था।

वामो-कांग्रेस गठबंधन ही दिलाएगा कुशासन से मुक्ति : अधीर
वहीं ममता के एक आरोप के जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व बहरमपुर से पार्टी सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा चुनाव से पहले विरोधी दलों पर झूठे आरोप लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल को जनता ने सफल बनाया है लेकिन ममता इसे सफल होने से रोकने के लिए जी तोड़ कोशिश करती रही।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि बंगाल में कांग्रेस, वामो और भाजपा में सांठगांठ है। अधीर-सुजन ने कहा कि ममता बंगाल में जिस तरह की राजनीति कर रही हैं, उसमें कांग्रेस-वामो गठबंधन ही एकमात्र विकल्प है। कांग्रेस-वामो की संयुक्त शक्ति ही बंगाल को तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिला सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *