हल्के हार्ट अटैक के बाद सौरभ दुबारा अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर, शाह ने फोन कर ली जानकारी

27/01/2021,5:46:42 PM.

कोलकाताः भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराने के बाद कैथ लेबोरेटरी में हुई जांच में पता चला है कि उन्हें हल्का हार्ट अटैक आया है। हालांकि आज सारा दिन उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा जाएगा। गुरुवार को उनका एंजियोग्राम होगा जिसके बाद चिकित्सा शुरू की जाएगी।
कैथ लैब में गांगुली के इलाज के लिए तीन चिकित्सकों की टीम गठित की गयी है। इसमें आफताब खान, सप्तर्षी बसु और डॉ. सरोज मंडल शामिल हैं। गांगुली की पत्नी डोना गांगुली ने बताया है कि मंगलवार को ही सौरभ के सीने में दर्द हो रहा था। बुधवार दोपहर यह दर्द बढ़ गया था जिसके बाद चिकित्सकों ने अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी। डॉक्टरों ने बताया है कि फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक नहीं है। जांच की जा रही है। डॉक्टरों ने एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया है।

इधर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर हल्के हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली की सेहत की जानकारी ली है। सूत्रों ने बताया है कि बंगाल भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को अमित शाह ने फोन किया था तथा अस्पताल में भर्ती दादा की सेहत के बारे में जानकारी ली है। दो जनवरी को जब सौरव गांगुली को पहली बार अटैक आया था तब भी अमित शाह ने गांगुली की पत्नी डोना को फोन कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली थी।

उल्लेखनीय है कि इसके पहले 02 जनवरी को उन्हें हल्का हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद वुडलैंड अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनकी तीन धमनियों में ब्लॉकेज मिले थे। एक धमनी 90 फ़ीसदी तक ब्लॉक हो गयी थी, जिसमें स्टेन लगाया गया था। कुछ दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *